रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-SIR) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरा और उसे जमा किया. इस मौके पर उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं, जिन्होंने स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर निर्वाचन अधिकारियों के सामने जमा किया.
मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है.
मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) वेरोनिका देवी ने एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया. इस मौके पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री भी मौजूद रहे.
लोगों से की अपील
सीएम ने प्रपत्र जमा करने के बाद कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना देश और राज्य के प्रत्येक नागरिक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन (अपडेटेड) होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है.” उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से समय पर एसआईआर प्रपत्र भरने और मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया. साथ ही, लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य छूटे हुए या पात्र मतदाताओं को भी इस एसआईआर अभियान से जोड़ें और उन्हें प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें.
