सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के ख़िलाफ़ कोयला घोटाला मामले में सीबीआई की क्लोज़र रिपोर्ट स्वीकार करते हुए उनके ख़िलाफ़ चल रही कार्यवाही को समाप्त कर दिया.
यह फ़ैसला डॉ मनमोहन सिंह के निधन के डेढ़ साल से अधिक समय बाद आया है. उनका निधन 26 दिसंबर 2024 को हुआ था.
लाइव लॉ के मुताबिक़, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की पीठ ने 2015 में ट्रायल कोर्ट की ओर से जारी समन को चुनौती देने वाली मनमोहन सिंह की याचिका स्वीकार कर ली.
अदालत ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के पास सीबीआई की क्लोज़र रिपोर्ट ख़ारिज करने और मामले में संज्ञान लेने का कोई ठोस आधार नहीं था.
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से माफ़ी की मांग की है.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कोर्ट के फ़ैसले को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री देश से माफ़ी मांगें.”
इस पर कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा, “अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन वास्तव में करप्शन अगेंस्ट इंडिया था.”
