नयी टिहरीः उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में गंगा में नहाते समय झारखंड निवासी दो युवक पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए हैं.
लापता युवकों की पहचान बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9 निवासी आशुतोष (24), और आयुष (24) रूप में हुई है. दोनों झारखंड से पहुंचे एक दल के साथ देवप्रयाग गए थे.
देवप्रयाग पुलिस थाने के प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि घटना दोपहर को भागीरथी और अलकनंदा के संगम पर हुई जहां बोकारो से आए एक दल में शामिल आशुतोष और आयुष (दोनों की उम्र 24) अपने साथियों के साथ नहा रहे थे.
उन्होंने बताया कि इसी दौरान दोनों युवक अचानक गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए. दोनों को कुछ दूर तक बहते देखा गया लेकिन उसके बाद वे नजरों से ओझल हो गए. घटना के बाद उनके साथियों में चीख पुकार मच गई.
पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा तलाशी एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं चला है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नहाने के दौरान दोनों युवक सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियों के बाहर चले गए थे.
उन्होंने बताया कि जल पुलिस द्वारा बार—बार उन्हें पानी में आगे नहीं जाने की चेतावनी दी गयी लेकिन उन्होंने उसे भी अनसुना कर दिया और गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए.
(भाषा से इनपुट)
