धनबादः युवा कांग्रेस के प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर सोमवार को धनबाद स्थित भाजपा जिला कार्यालय के बाहर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक दूसरे से भिड़ गए. पुलिस को हालात सामान्य बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
युवा कांग्रेसियों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मनुस्मृति का पुतला फूंकने के कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही बीजेपी के कार्यकर्ता झंडे के साथ कार्यालय के सामने तैनात थे.
जैसे ही कांग्रेसी वहीं पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सड़क पर ही तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई.
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव और जिलाध्यक्ष आदित्य कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे. यहां पहले से मौजूद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया.
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों के हाथ से प्रधानमंत्री का पुतला छीन लिया जिससे माहौल और गरमा गया. स्थिति को अनियंत्रित होता देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग किया.
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, जिलाध्यक्ष आदित्य समेत तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बाकी कार्यकर्ताओं को मौके से हटा दिया.
शुद्धिकरण पर बढ़ विवाद
गौरतलब है कि उत्तराखंड के हल्दद्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर देशभर में सियासी विवाद जारी है. इसी विवाद की आंच सोमवार को धनबाद तक पहुंची. धनबाद में दोपहर के समय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच गए और शुद्धिकरण कार्यक्रम का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि शुद्धिकरण जैसे कार्यक्रम सामाजिक और राजनीतिक रूप से गलत संदेश देते हैं और इसके विरोध में वे प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्रदर्शन के दौरान देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और बैरिकेडिंग कर कार्यालय की ओर बढ़ने से रोका. पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, जिससे मौके पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया.
