धनबादः प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे हैं. उनके दौरे को धनबाद और झरिया क्षेत्र की विकास एवं पुनर्वास योजनाओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
दौरे के दौरान वे बीसीसीएल की प्रमुख परियोजनाओं, कोयला उत्पादन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों, झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्र और पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा करेंगे.
धनबाद पहुंचने के बाद तरुण कपूर सड़क मार्ग से मैथन पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया.
इससे पहले काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.
कोयला भवन में उच्च स्तरीय बैठक
दो दिवसीय दौरे के दौरान वे बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करने के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे.
इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने कोयला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.
कुसुंडा की आग
कपूर मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन प्रोजेक्ट एवं लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे. साथ ही कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का दौरा करेंगे तथा उच्च जोखिम वाले स्थलों के प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद करेंगे.
वहीं मंगलवार, 01 सितंबर 2026 को झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया एवं करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का जायजा लेंगे. इसके बाद वे समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान, जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल एवं टेलीकॉम विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
