दुमकाः झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड प्रखंड के युवा संजय पाल का चयन अमेरिका के लॉस एंजिल्स में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित “13वीं इंटरनेशनल यूथ कॉन्फ्रेंस (IYC 13)” के लिए हुआ है. यह सम्मेलन 21 से 24 मई तक आयोजित होगा, जिसमें दुनिया भर के युवा प्रतिनिधि वैश्विक मुद्दों, शांति, सुरक्षा और कूटनीति पर चर्चा करेंगे.
ऑनलाइन माध्यम से इमसें चयन के लिए आयोजित परीक्षा में व्याख्यात्मक प्रश्न पूछे गए थे. संजय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व एक डेलिगेट के रूप में करेंगे.
हालांकि, वीजा नहीं बन पाने के कारण वे सम्मेलन में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे.
क्या है थीम
इस वर्ष सम्मेलन का थीम “अभिनव कूटनीति: शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाते युवा” रखा गया है. सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के लगभग 20 हजार युवा ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लेंगे. युवा नेतृत्व, वैश्विक संकट, नीति निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
अभियान पर काम करेंगे संजय
संजय पाल ने कहा है कि सम्मेलन से प्राप्त अनुभव और सीख को वे समाज के जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने बताया कि सम्मेलन के बाद वे “यूथ पावर, क्लीन इंडिया” नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत करेंगे. इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और स्वस्थ समाज निर्माण के प्रति जागरूक करना होगा. संजय ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही देश को स्वच्छ, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है.
