रांचीः नीट पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर लाठाचार्ज के विरोध में झारखंड कांग्रेस ने गुरुवार को रांची स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान दोनों तरफ से अंडे, टमाटर और पत्थर फेंके गए. देखते ही देखते यह विरोध शक्ति प्रदर्शन में बदल गया.
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई. पुलिस प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने और माहौल को ठीक करने मे दिन भर जूझती रही. हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी के कारण हरमू रोड पर जाम की लंबी कतारे लगी रहीं.
सुबह से ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर बीजेपी ऑफिस के सामने बैरिकेड कर दिया था. कंटीले तार बी लगाए गए थे. कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन के मद्देनजर बीजेपी के कार्यकर्ती भी बड़ी संख्या में झंडे, बैनर और लाठी डंडे के साथ कार्यालय के सामने मोर्चा संभाले हुए थे. दोनों तरफ से नारेबाजी होती रही.
कई मौके पर दोनों दलों के कार्यकर्ता एक दूसरे को घसीटते, खदेड़ते नजर आए. इसी दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंके जाने से अफरा-तफरी मची रही
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ भाजपा कार्यकर्ता दमकल की गाड़ी की छत पर चढ़ गए और वहीं से अंडे व टमाटर फेंकते नजर आए. जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी अंडे फेंके गए.
घेराव, प्रदर्शन के बाद आरोप-प्रत्यारोप जारी है. रांची के अलावा दूसरे कई जिलों में भी कांग्रेसियों ने नीट परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ और दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में धरना प्रदर्शन किए हैं.
पत्थरबाजी में कैमरामैन घायल
पत्थरबाजी में एक एक टीवी चैनल के कैमरामैन संजय टोप्केपो घायल होने की खबर है. इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की है. कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थर चलाए, जिससे कई लोगों को चोटें लगी है.
अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है. शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
