पलामूः जमशेदपुर के डिमना लेक में डूबने से हुई एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर सक्षम की मौत पर उनके परिवार वालों ने सवाल उठाते हुए घटना की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
डॉ सक्षम के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह और चचेरे भाई ओमप्रकाश सिंह ने इसे महज एक हादसा मानने से इनकार करते हुए गंभीर साजिश की आशंका जताई है.
उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि उनके बेटे को साजिश के तहत पानी में धकेला गया या उसकी हत्या कर पानी में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई.
जो सवाल उठाए जा रहे
परिवार वालों का कहना है कि घटना से पूर्व डॉ. सक्षम सिंह, उनके साथी डॉ. समीर लाल और उनके साथ मौजूद जूनियर डॉक्टर डॉ. यश वरण के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी.
परिवार वालों का कहना है कि घटना से पूर्व डॉ. सक्षम सिंह, उनके साथी डॉ. समीर लाल और उनके साथ मौजूद जूनियर डॉक्टर डॉ. यश वरण के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी.
इसमें महिला मित्र की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा कि मारपीट के दौरान डॉ. सक्षम और डॉ. समीर की उंगलियों में चोटें आई थीं, जिसके बाद दोनों ने एमजीएम अस्पताल में अपना उपचार एवं ड्रेसिंग भी कराई थी.
इसके बावजूद देर रात तीनों डिमना लेक पहुंचे, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में डॉ. सक्षम सिंह और डॉ. समीर लाल की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद डॉ. यश वरण सुरक्षित बच गए.
उन्होंने कहा कि मामले में कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब का इंतजार है. आखिर मारपीट की घटना के बाद तीनों डॉक्टर देर रात डिमना लेक क्यों पहुंचे? दो लोगों की मौत कैसे हो गई और तीसरा व्यक्ति सुरक्षित कैसे बच गया? इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.
तरहसी प्रखंड का बेनागांव शोक में डूबा
पलामू में तरहसी प्रखंड के बेनका गांव में रविवार की सुबह मातम पसरा रहा. शनिवार की रात शव के पहुंचते ही मां समेत परिवार के सभी सदस्य, रिश्तेदार और शुभचिंतक बिलख पड़े. रविवार को अमानत नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.
अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में गांव के लोग, रिश्तेदार और शुभचिंतक शामिल हुए। अंतिम संस्कार के दौरान जवान बेटे को मुखाग्नि देते समय पिता सत्येंद्र कुमार सिंह की आंखों से आंसुओं का सैलाब बह निकला.
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात जमशेदपुर स्थित डिमना डैम लेक में डूबने से एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर के जूनियर डॉक्टर डॉ. सक्षम सिंह और डॉ समीर लाल की मौत हो गई थी.
