रांचीः नीट पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर लाठाचार्ज के विरोध में झारखंड कांग्रेस ने गुरुवार को रांची स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान झड़पों में अंडे, टमाटर और पत्थर फेंके गए. इस बीच बीजेपी के नेताओं ने अरगोड़ा थाने पहुंचकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, दंगा और हत्या की कोशिशों के बारे में शिकायत दर्ज कराई है.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में बीजेपी के नेताओं ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी है.
रांची भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू एवं संजय चौधरी द्वारा दिए गए अलग-अलग आवेदन में कांग्रेस नेताओं पर मारपीट एवं तोड़फोड़ करने, दंगा करने, पत्थरबाजी और हत्या के प्रयास का लगाया गया है.
किन नेताओं पर लगाए आरोप
बीजेपी नेताओं ने आवेदन में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के अलावा महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, उज्जवल तिवारी, बन्धु तिर्की, शहजादा अनवर, प्रदीप तुलश्याम, राकेश सिन्हा, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, किशोर शाहदेव, डॉ. तौसिफ, शहबाज अहमद, अजय नाथ शाहदेव एवं सुरेन्द्र सिंह, आलोक दुबे, सोमनाथ मुण्डा (रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष), एवं सैंकडों कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया है.
