झारखंड की राजधानी रांची के रिहायशी इलाके अशोक नगर में बंद बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर से लाखों रुपये के सोने-हीरे के गहने की चोरी के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बताया है कि हाई प्रोफाइल चोरी के इस मामले में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का हाथ है.
पुलिस ने जिन दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान गुलशन प्रवीन और शकीला के रूप में हुई है. इनके पास से पुलिस ने सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, हीरे के आभूषण और 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए हैं.
साथ ही पुलिस चोरी में इस्तेमाल की गई लग्जरी जगुआर कार भी कोलकाता से बरामद करने में सफल रही.
इस गिरोह में शामिल मुख्य सरगना मोहम्मद इरफान के अलावा अफरोज और नवीन शर्मा का नाम सामने आया है. हालांकि अभी इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
गुलशन प्रवीण मुख्य सरगना इरफान और शकीला उर्फ लाडली अफरोज की पत्नी है.
सिटी एसपी पारस रणा ने गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर मीडिया को बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना मोहम्मद इरफान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसने देश के कई राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है. अलग-अलग राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है.
सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्य
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद मामले की जांच के लिए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था. एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से पूरे मामले की जांच की और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह तक पहुंच गई. जांच में सामने आया कि चोरों ने इस घटना में एक नीले रंग की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने कोलकाता से इस वाहन को बरामद कर लिया है.
