रांचीः झारखंड में दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूर्न मंत्री बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है.
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह जानकारी मीडिया को दी है. उन्होंने बताया है कि पार्टी की भावना से केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन को अवगत कराते हुए अधिकृत किया था कि वे उम्मीदवार के नाम का चयन करें.
सारी परिस्थितियों पर नजर रखते हुए हेमंत सोरेन ने सभा वरिष्ठ साथियों से विचार विमर्श करते हुए निर्णय लिया है कि पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बैजनाथ राम को अधकृत उम्मीदवार के तौर पर स्वीकृति दी है.
भट्टाचार्या ने यह भी बताया कि आठ जून को बैजनाथ राम अपना नामांकन दाखिल करेंगे. झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास 34 विधायक हैं, जो बैजनाथ राम की जीत सुनिश्चित करेंगे.
दूसरी सीट पर भी उम्मीदवार देने की घोषणा के सवाल पर केंद्रीय महासचिव ने कहा कि यह फैसला अंतिम तौर पर हेमंत सोरेन ही लेंगे. वे सभी परिस्थितियों का आंकलन करने के साथ रायशुमारी कर रहे हैं.
कौन हैं बैजनाथ राम
बैजनाथ राम झारखंड की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं. वे लातेहार विधानसभा क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. पहले वे बीजेपी में थे. सरकार में शिक्षा मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं.
2019 के विधानसभा चुनाव से पहले जेएमएम में शामिल हुए और जीते भी. 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रकाश राम ने उन्हें पराजित किया था.
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बैजनाथ राम को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर अनूसचित जाति वर्ग में एक संदेश देने की कोशिशें की है कि पार्टी एसटी के साथ एससी की भी हिमायती रही है.
