पल- पल बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली.
इसके साथ ही दक्षिण राज्य में अभिनेता से नेता विजय के उदय का नया युग शुरू हुआ. जबकि तामिलनाड़ु में लगभग छह दशकों से जारी दो प्रमुख द्रविड़ दलों डीएमके और एआईएडीएमके के बारी-बारी से सत्ता में आने का दौर समाप्त हो गया.
शपथ लेने के बाद विजय ने मंच पर ही तीन महत्वपूर्ण आदेशों पर हस्ताक्षर किए.
इन आदेशों में हर घर को 200 यूनिट बिजली फ़्री करना, नशे की समस्या से निपटने के लिए हर ज़िले में विशेष बल बनाना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स बनाना शामिल है.
नौ लोग मंत्रिमंडल में
विजय ने चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में शपथ ली. उनके साथ टीवीके के कुछ वरिष्ठ नेताओं सहित नौ अन्य लोगों ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री के पद पर विजय और अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
जिन नौ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली, वे हैं- ‘बुसी’ एन आनंद, आधव अर्जुना, केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, सीटीआर निर्मलकुमार, ए राजमोहन, टी. के. प्रभु और एस कीर्तना.
गौरतलब है कि शनिवार को को 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 120 निर्वाचित विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था.
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए राहुल गांधी
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए.
इनके अलावा अभिनेत्री तृषा कृष्णन, तमिल एक्ट्रेस सनम शेट्टी समेत कई दिग्गज हस्तियां और विजय को जिन दलों ने समर्थन दिया है, उनके नेता भी समारोह में पहुंचे हैं.
कांग्रेस, वाम और वीसीके का समर्थन
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, चूंकि विजय, जिन्होंने दो सीटें जीती हैं, उनको एक सीट से इस्तीफ़ा देना होगा, इसलिए टीवीके की संख्या 107 रह जाएगी.
कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं, वहीं सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल ने दो-दो सीटें जीती हैं.
इन दलों ने टीवीके का समर्थन किया है. तरह से अब टीवीके के साथ 121 सीटों का आंकड़ा हो चुका है जो बहुमत के लिए ज़रूरी आंकड़े से ज़्यादा है.
पीएम मोदी ने दी बधाई
तमिलगा वेत्री कड़ग़म (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ले ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं.”
उन्होंने लिखा, “केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों की ज़िंदगी बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी.”
कमल हासन ने क्या कहा
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.
कमल हासन ने एक्स पर लिखा, “उम्मीद करता हूं कि टीवीके अध्यक्ष, माननीय मुख्यमंत्री मेरे भाई विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु राज्य चमके. यह नई ऊंचाइयों तक पहुंचे. मैं दिल से अपनी शुभकामनाएं देता हूं.”
