धनबादः करीब दो दशक पुराने और चर्चित धनबाद के एसबीआई की मुख्य शाखा में हुए करोड़ों के घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
खबरों के मुताबिक रविवार को चलाए गए समन्वित अभियान में सीबीआई ने बृजभूषण प्रसाद को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के कोपरगांव से तथा करतार सिंह को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया.
करीब 20 वर्षों की फरारी के बाद हुई इन गिरफ्तारियों को सीबीआई एसीबी की अहम कार्रवाई बताई जा रही है.
दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा. वर्ष 2005 से फरार चल रहे दोनों आरोपी लंबे समय तक नेपाल में छिपे रहे और बाद में भारत लौटकर पहचान बदलकर अलग-अलग राज्यों में रह रहे थे.
सीबीआई ने इस मामले में आरसी-11(ए)/2005-डी के तहत 31 अगस्त 2005 को मामला दर्ज किया गया था।.
जांच में सामने आया था कि नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच एसबीआई की मुख्य शाखा, बैंक मोड़, धनबाद से करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन किया गया था.
