रांचीः झारखंड में राज्यसभा के लिए दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सोमवार, आठ जून को नामांकन की आखिरी तारीख है. इस बीच उद्योगपति परिमल नथवाणी बीजेपी के विधायक और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल से मिलने उनके आवस पहुंचे हैं.
भाजपा ने अब तक उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है. संकेत साफ हैं कि भाजपा परमिल नथवाणी का समर्थन करेगी.
सोमवार की सुबह बीएमडब्ल्यू कार से नथमाणी जायसवाल के घर पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. खबर है कि नाथवानी थोड़ी देर में झारखंड विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे.
इससे पहले वे भाजपा कार्यालय भी गए थे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उन्होंने नामांकन प्रक्रिया और चुनावी रणनीति को लेकर राय-मशविरा किया.
इधर कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा और जेएमएम के उम्मीदवार अपना नामांकन भरने विधानसभा पहुंचे हैं.
एनडीए में 24 विधायक हैं. जीत के लिए प्रथम वरीयता में 28 वोट की जरूरत होगी. नथवाणी पहले भी दो बार झारखंड से राज्यसभा का चुनाव जीते हैं. वे सत्ता-विपक्ष दोनों खेमे में अपनी पकड़ रखते हैं. सियासी गलियारे में चर्चा जोरों पर है कि सत्तारूढ़ दलों में वे सेंध लगाने की रणनीतिक बिसात के साथ ही यहां चुनाव लड़ने आए हैं.
