रांचीः भाजपा ने झारखंड में परिसीमन मामले पर कांग्रेस द्वारा केवल झूठ परोसने और इस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया है.
पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने 2008 में तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस द्वारा की गई पूर्व की गलतियों के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि आज परिसीमन का जो भी विवाद है उसकी जिम्मेवारी सिर्फ कांग्रेस की है.
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे.
बाउरी ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज की सदैव हितैषी रही है. भाजपा ने कई मौकों पर इसे प्रमाणित किया है. उन्होंने कहा कि 2008 में देश में संविधान संशोधन किया गया था। तब जनसंख्या के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव कांग्रेस की सरकार ने किया था. इससे झारखंड की आदिवासी सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 हो रही थी. ऐसी परिस्थिति में भाजपा ने जनजातीय समुदाय के हितों और उनकी भावनाओं का कद्र करते हुए कांग्रेस का समर्थन किया था. 2008 में भाजपा ने यूपीए सरकार को संविधान में 84वें संशोधन के लिए राजनीति से ऊपर उठकर साथ देने का काम दिया था.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पूरे कार्यकाल में एक भी उदाहरण पेश करे कि उन्होंने जनजातीय समुदाय के विकास के लिए या उनके सम्मान के लिए कोई कार्य किया हो.
बाउरी ने कहा कि परिसीमन आयोग के गठन के पहले ही कांग्रेस हायतौबा मचा रही है. अभी तक परिसीमन आयोग का गठन बीजेपी सरकार ने किया भी नहीं है और न ही कोई प्रपोजल ही दिया गया है. कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है कि केंद्र की सरकार आदिवासी सीटें घटा देगी.
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया है कि इस बार परिसीमन में सबके हितों का ध्यान रखा जाएगा। लोक सभा की सीटें 50% बढ़ेगी जबकि विधान सभा की सीटें भी बढ़ेगी .
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, प्रकाश सिंह, मीडिया सह प्रभारी नीरज सिंह भी उपस्थित रहे.
