रांची- धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित दुर्व्यवहार और धमकी के मामले में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमुख और डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस एसोसिएशन ने मंगलवार को चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के इस आंदोलन को झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन (सिपाही-हवलदार वाले संगठन) और डीएसपी संवर्ग के झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने भी समर्थन किया है.
एक प्रेस कांफ्रेंस में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू और महामंत्री संजीव कुमार ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में आठ सितंबर से 11 सितंबर तक कुल चार दिनों तक पूरे झारखंड के कनीय पुलिस पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे.
आंदोलन के दूसरे चरण में 19 सितंबर को सभी पुलिस केंद्र, थाना, ओपी में चूल्हा-चौकी, मेस बंद रहेगा और सभी एक दिवसीय सामूहिक उपवास पर जाएंगे.
आंदोलन के तीसरे चरण में 24 सितंबर को एक दिवसीय धरना का कार्यक्रम निर्धारित है. इसके तहत सभी जिला शाखा, इकाई अपने-अपने एसपी, कमांडेंट के कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे.
महासंघ के पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे और समापन के बाद ज्ञापन सौंपेंगे।.
आंदोलन के चौथे चरण में पांच अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक छह दिनों तक झारखंड के पुलिसकर्मी अवकाश पर चले जाएंगे.
डीएसपी संवर्ग के एसोसिएशन का भी समर्थन
इस बीच डीएसपी संवर्ग के एसोसिएशन ”झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन” ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष डीएसपी अमर कुमार पांडेय, महासचिव डीएसपी बुधराम उरांव व उपाध्यक्ष डीएसपी संजय कुमार ने मंगलवार को बयान जारी कर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के आंदोलन को नैतिक व सैद्धांतिक समर्थन दिया है और धनबाद पुलिस से अपेक्षा की है कि उपरोक्त घटना में दर्ज प्राथमिकी का पेशेवर दक्षता के साथ अनुसंधान करेंगे.
