लोहरदगा: लोहरदगा-गुमला रोड पर मिशन चौक के पास शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन भाई- बहनों की मौत हो गई है.
इस घटना से गुस्साये लोगों ने शनिवार की सुबह मिशन चौक के पास सड़क भी जाम किया. स्थानीयय लोग इसका विरोध प्रकट कर रहे थे कि बॉक्साइट लदे ट्रक शहरी क्षेत्र में धडल्ले और तेज गति से चलते रहते हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में होती है.
जानकारी के अनुसार बरवाटोली निवासी रोहित कुमार साहू अपनी दो बहनों सपना कुमारी और सृष्टि कुमारी के साथ स्कूटी से सेन्हा रोड स्थित तेली धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान मिशन चौक के पास सेन्हा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बॉक्साइट लोडेड ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.
इस हादसे में स्कूटी सवार दोनों बहनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया. रोहित को इलाज के ले रांची ले जाने के दौरान रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. इस दर्दनाक हादसे से रोहित के परिवार में कोहराम मचा है. साथ ही बरवाटोली में शोक छाया हुआ है.
भाई-बहनों में रोहित बड़े थे. 24 साल की सपना शादीशुदा 14 साल की सृष्टि कुमारी सबसे छोटी बहन थीं.
इधर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया था.
