लोकसभा का मानसून सत्र शुरू होने से ठीक पहले स्पीकर ओम बिरला ने शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) के छह बाग़ी सांसदों को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय की मंजूरी दे दी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोकसभा में शिंदे गुट की शिवसेना की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गई है.
बीते महीने शिवसेना (यूबीटी) के नौ में से छह सांसदों ने पाला बदलकर एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया था.
इन छह सांसदों में संजय हरिभाऊ जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख और नागेश आष्टीकर शामिल हैं.
पिछले 22 जून को शिवसेना (यूबीटी) के सभी छह बागी लोकसभा सदस्य सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए थे.
इससे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में विभाजन औपचारिक हो गया.
इन सांसदों ने 2024 के आम चुनावों में बीजेपी और शिवसेना के उम्मीदवारों को हराकर जीत हासिल की थी. 2024 में महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) ने कुल नौ लोकसभा सीटें जीती थीं.
