दिल्ली पुलिस के द्वारा 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से उठाने के बाद सफ़दरजंग अस्पताल ने दोपहर 3.30 बजे वांगचुक का हेल्थ बुलेटिन जारी किया है. इसके बाद उनकी पत्नी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
सोनम की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सफदरजंग अस्पताल की रिपोर्ट में कहा गया है कि सोनम वांगचुक का पोटैशियम लेवल 2.9 है, जबकि कल ही यह 4.3 था. वो न तो हमें किसी दूसरी लैब में ले जाकर दूसरी राय लेने की इजाज़त दे रहे हैं, और न ही हमारी मौजूदगी में उनका ब्लड सैंपल दे रहे हैं, जिसे हम कहीं और जांच करवा सकें.”
“मैं पिछले तीन घंटे से इंतज़ार कर रही हूं, लेकिन उन्होंने अभी तक हमारी बात नहीं मानी है. पारदर्शिता की इस कमी से हमें शक हो रहा है. हमने तुरंत डिस्चार्ज करने के लिए कहा है, ताकि हम उन्हें ऐसे अस्पताल ले जा सकें जहां हमें बेहतर भरोसा हो.”
उन्होंने कहा कि वो पिछले दो घंटे से अस्पताल के जवाब का इंतज़ार कर रही हैं.
उधर सोनम वांगचुक ने सफ़दरजंग अस्पताल में भी ड्रिप या मुंह के ज़रिए कोई भी तरल पदार्थ या दवा लेने से मना कर दिया है.
दिल्ली पुलिस सोशल एक्टिविस्ट और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के धरनास्थल से उठाकर सफ़दरजंग अस्पताल ले गई थी.
इस बीच दिल्ली पुलिस की ओर से सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अनशन शुरू कर दिया है.
सोनम वांगचुक 28 जून से अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे थे. शनिवार को उनकी भूख हड़ताल 21वें दिन में प्रवेश कर चुकी है.
वहीं, सीजेपी ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “अभिजीत दीपके अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं. 20 जुलाई को होने वाला ‘चलो संसद’ मार्च तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा.”
अभिजीत दीपके ने भी एक्स पोस्ट के ज़रिए इसकी पुष्टि की है.
