रांचीः रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन NARCOS’ के तहत दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे तीन युवकों को 61 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है.
तीनों युवक बिहार के रहने वाले हैं. बरामद गांजे की कीमत 30.50 लाख रुपए आंकी गई है. रांची रेलवे स्टेशन पर साझा कार्रवाई में गिरफ्तार तीनों युवकों को जीआरपी को सौंप दिया गया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) और अंकित पाठक (19 वर्ष) के रूप में हुई है.
तीनों बिहार के बक्सर जिले के निवासी बताए गए हैं. तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए.
आरपीएफ रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त, प्रताप सिंह नेगी ने बताया है कि संयुक्त कार्रवाई में रेलवे के सुरक्षा बलों को यह सफलता मिली है. आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची और आरपीएफ अपराध शाखा द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था.
इसी दौरान कोच संख्या बी-3 में तीन संदिग्ध युवक भारी मात्रा में सामान के साथ यात्रा करते हुए दिखाई दिया. उनके पास चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग थे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उनसे पूछताछ की.
इस पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि उनके बैगों में गांजा रखा हुआ है. इसके बाद ट्रेन के रांची स्टेशन से रवाना होने पर तीनों संदिग्धों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारा गया. जहां विधिसम्मत तरीके से उनके बैगों की तलाशी ली गई. जांच में बैगों से कुल 61 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 61 किलोग्राम पाया गया.
