पलामूः चर्चित विनीत हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पलामू एसपी कपिल चौधरी के सख्त रुख के बाद पुलिस की टीम ने तिवारी उर्फ महाकाल के घर पहुंची और वहां खड़ी तीन लग्जरी गाड़ियों- फॉर्च्यूनर, थार और क्रेटा को जब्त कर शहर थाना ले आई.
एसपी ने कहा है कि अपराध करने वाले बचेंगे नहीं. इसलिए तिवारी सरेंडर करें.
इधर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी की संपत्ति की गहराई से जांच की जा रही है. इसके लिए इनकम टैक्स विभाग को पत्र लिखा गया है. सा
थ ही, अंचलाधिकारी और अमीन को बुलाकर जमीन की मापी कराई जा रही है ताकि अतिक्रमण किए गए हिस्से को चिन्हित कर उसे ध्वस्त किया जा सके.
पुलिस का कहना है कि जब्त वाहनों के मालिकों की जांच परिवहन विभाग से कराई जा रही है और वाहन मालिकों पर भी गाज गिरेगी.
साथ ही पुलिस अब कोर्ट से अनुमति लेकर आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की तैयारी कर रही है.
अपहरण के बाद हत्या
गौरतलब है कि 25 अप्रैल की शाम रेड़मा निवासी विनीत तिवारी का अपहरण कर लिया गया था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन 26 अप्रैल को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट गांव के पास विनीत का शव बरामद हुआ.
अपराधियों ने निर्मम तरीके से हत्या कर शव को फेंक दिया था.
