रांचीः जदयू विधायक सरयू राय ने दामोदर और कोनार नदी के प्रदूषण को लेकर चिंता जतायी है. उन्होंने कहा है कि बोकारो थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाले ऐश (छाई) और रसायन युक्त दूषित पानी नदियों को प्रदूषित कर रहा है, जो क्षेत्र के पारिस्थिति की तंत्र के लिए बड़ा खतरा है.
सरयू राय ने बताया कि ‘दामोदर बचाओ आंदोलन’ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह उन्हें घटना के पुख्ता वीडियो और फोटो साक्ष्य भेजे हैं. इन साक्ष्यों में स्पष्ट दिख रहा है कि ऐश पॉन्ड की पाइपलाइन फटने के कारण प्रदूषित पानी अनवरत नदियों में मिल रहा है.
उन्होंने ये सभी तस्वीरें बोकारो के उपायुक्त को भेजकर जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष के रूप में प्रबंधन पर त्वरित और कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
बीटीपीएस और कंट्रोल बोर्ड पर सवाल
उन्होंने बीटीपीएस प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि राख का सही निस्तारण नहीं हो पाने के कारण यह नौबत बनी है और प्रबंधन बेरपवाह है. उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि गर्मी के मौसम में यह हाल है, तो बरसात के दिनों में प्रदूषण का स्तर और भी भयावह हो जाएगा.
उन्होंने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं.
उन्होंने बोर्ड से कहा है कि नदियों को प्रदूषित होने से बचाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण पर्षद नियम कायदे का उल्लंघन रोके.
