रांचीः रांची के कांके थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका और उसके भाई तथा कार के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है.
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर ने बताया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला सुषमा कुमारी समेत तीन लोगों गिरफ्तार कर लिया गया है.
सुषमा कुमारी सचिवालय में पदस्थापित है.
जिस बच्ची की हत्या की गई, वह सुषमा कुमारी के घर में लंबे समय से नौकरानी का काम कर रही थी. वह मूल रूप से रांची जिले में ही बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा पारपोखर की रहने वाली थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10-11 अप्रैल की देर रात सुषमा कुमारी और उसके भाई ने सुनियोजित तरीके से लड़की को प्रातिड़ करते हुए बेरहमी से मार डाला. इसके बाद अपनी कार से उसके घर लाश पहुंचाने गए. वहां यह कहा कि लड़की बीमार थी. हालांकि लड़की की शरीर पर चोट के कई गंभी निशान मिले थे.
सुषमा कुमारी ने लड़की के शव को जब उसके घर वालों को देने गई, तो ग्रामीणों ने घटना पर शक जाहिर करते हुए विरोध किया. इसके बाद ग्रामीणों ने कांके थाना का भी घेराव किया.
पुलिस को इस घटना की जानकारी मिलने पर जांच तेज की गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता चला है कि नाबालिग की हत्या सुनियोजित तरीके से महिला के घर पर ही की गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों ने मामले को भटकाने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी कैमरो की फुटेज ने पूरे घटनाक्रम की परतें खोल दीं.
फुटेज के आधार पर पुलिस ने हिरासत में सख्ती से पूछताछ की तब उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उधर प्रशासन के निर्देश पर मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.
