कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह ख़बर सुनकर ख़ुशी हुई कि झारखंड के छात्रों और राज्य सरकार के बीच सहमति बन गई है.
राहुल गांधी ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, “झारखंड के छात्रों और राज्य सरकार के बीच सहमति बनी और छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त की- यह ख़बर सुनकर बहुत ख़ुशी हुई.”
उन्होंने लिखा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी और झारखंड सरकार ने बातचीत का रास्ता चुना, और समाधान निकाला. छात्रों ने संयम रखा, और अपनी बात मनवाई. यही सही तरीक़ा है – छात्र सवाल पूछें, तो जवाब मिलना चाहिए.”
राहुल गांधी ने लिखा, “हम देश के हर छात्र के साथ खड़े हैं और हम इस वसूली तंत्र को जड़ से बदलकर रहेंगे, ताकि हर छात्र को उसकी मेहनत का पूरा फल और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का हक़ मिले. पूरे देश में ये सिस्टम बदलेगा.”
राहुल गांधी ने 14 अगस्त को हेमंत सोरेन को एक पत्र भेजा था, जिसमें कहा था कि मुख्यमंत्री को प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए खुद आगे आना चाहिए.
इधऱ 24 दिनों से रांची में जारी छात्रों के आंदोलन के तेवर तल्ख होने और 20 अगस्त को सीएम आवास घेराव की छात्रों की घोषणा के बाद सोमवार की रात कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत हेमंत सोरेन ने जेपीएससी-14, जेएसएससी-सीजीएल और टीडीपीएल के द्वारा ली जाने वाली सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया है.
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार के लिए आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में रिफॉर्म्स कमेटी के गठन की भी घोषणा की है.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई परीक्षा एजेंसियां यहां काम कर रही थीं. उनमें घालमेल की जानकारी मिली है. इसलिए ऑपरेशन ठीक से हो ही जाए.
हालाँकि आंदोलनकारी छात्र सीबीआई जाँच की माँग को लेकर अब भी प्रदर्शन कर रहे हैं.
