पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा नेता सम्राट चौधरी को विधानमंडल में भाजपा का नेता चुना गया है.
वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. हालांकि इसकी घोषणा एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद होगी.
भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायकों की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान किया गया.
इससे पहले विजय सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन निवर्तमान मंत्री दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया.
नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी सभी विधायकों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं. बुधवार,15 अप्रैल को सम्राट सीएम पद की शपथ लेंगे.
विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की जो विचारधारा है, भारत को श्रेष्ठ मानने की और पार्टी को सबसे आगे रखने की, उस काम को हम करते रहेंगे.”
“नीतीश कुमार ने सिखाया है कि सरकार कैसे चलाई जाती है और बिहार के लोकतंत्र के लिए क्या ठीक है. मैं तमाम लोगों को जरूर आश्वस्त करना चाहता हूं जिस तरह से पीएम मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है, हम सब लोग मिलकर इन सपनों को पूरा करेंगे.”
चौधरी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मैं बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा.’’
केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, “.आज का पल भव्य और ऐतिहसिक है भाजपा के जनसंघ के जमाने से इन कार्यकर्तओं ने अपना जीवन लगाकर भाजपा के संगठन को खड़ा किया. उनका सपना आज साकार हो रहा है और उनका संकल्प आज पूरा हो रहा है…सम्राट चौधरी को मैं बहुत बधाई देता हूं और विधायक दल के साथियों का जिन्होंने सर्वसहमति और एकमत से सम्राट चौधरी को अपना नेता निर्वाचित किया है मैं उन सबको बधाई देता हूं.”
इससे पहले नीतीश कुमार ने लोक भवन में अपना इस्तीफा सौंप दिया है.
भाजपा के विधायकों की बैठक के बाद सहयोगी दलों के विधायकों की बैठक एक साथ होगी. इस बैठक में जदयू, लोजपा (आर) हम और रोलोम के विधायक शामिल होंगे.
सम्राट चौधरी बिहार में तारापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं. अभी नीतीश कुमार की सरकार में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
