तृणमूल कांग्रेस की सांसद सुष्मिता देव ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफ़ा बुधवार को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को सौंपा.
राज्यसभा के सभापति ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार भी कर लिया है. बुधवार को पार्लियामेंट्री बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी गई.
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे आगे किस दल में शामिल होंगी.
उन्होंने इस्तीफ़े के बाद एएनआई से बातचीत में कहा, “इसके पीछे मेरे व्यक्तिगत कारण हैं. मेरे राजनीतिक कारण हैं. और एक स्वतंत्र देश में एक नेता अपने राजनीतिक जीवन में कोई भी फ़ैसला ले सकता है.”
सुष्मिता अपने इस फ़ैसले के बाद आगे क्या करेंगी, उन्होंने इस पर भी बात की है.
सुष्मिता ने आगे कहा, “मेरी राजनीति असम में है. मैं बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करती हूं. लेकिन मुझे तो असम में ही काम करना है. इन बातों को ध्यान में रखकर मैंने यह फ़ैसला लिया है.”
इस बीच समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें सुष्मिता देव असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ बैठक करते नज़र आ रही हैं.
इसके बाद से कई मीडिया रिपोर्ट्स में अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह बीजेपी में शामिल हो सकती हैं.
इससे पहले सोमवार को टीएमसी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे ने इस्तीफ़ा दिया था. उन्होंने पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफ़ा दिया था.
टीएमसी में लोकसभा के 20 सांसदों ने अलग ही बगावत का झंडा उठा लिया है और वे एनडीए के साथ जाने की तैयारियों में जुटे हैं.
