भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उममीदवारों की घोषणा की है. इनमें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार का नाम भी शामिल है.
राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी की घोषणा के बाद श्रुति गंगवार ने कहा, “मैं अपने केंद्रीय लीडरशिप , प्रधानमंत्री मोदी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय संगठन सचिव बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश की लीडरशिप के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का दिल से शुक्रिया अदा करती हूं. यह सिर्फ़ मुझे सौंपी गई एक बड़ी ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी महिलाओं यानी पूरी ‘नारी शक्ति’ को दी गई ज़िम्मेदारी है.”
श्रुति गंगवार बरेली की रहने वाली हैं और वर्तमान में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन हैं. अभी झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बरेली से सांसद और केंद्र में मंत्री रहे हैं.
श्रुति की पहचान भी बरेली में सक्रिय भाजपा नेता के तौर पर है. वो पिछले कुछ समय से पार्टी के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय नजर आई हैं.
16 अक्टूबर को होगा यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव है. चुनाव को लेकर सियासी गर्माहट बनी है. बीजेपी की आठ प्रत्याशियों में दो महिलाएं हैं.
पार्टी की ओर से जारी सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया गया है.
सूची में ज्यादातर नए चेहरों को मौका दिया गया है. सामाजिक और जातीय समीकरण के लिहाज से भी भाजपा की सूची महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पार्टी के आठ उम्मीदवारों में तीन ओबीसी, दो अनुसूचित जाति और तीन सामान्य वर्ग से हैं.
