पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की वोटिंग पूरी हो चुकी है.
गुरुवार को पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए वोटिंग हुई.
चुनाव आयोग के मुताबिक़, बंगाल में 91.68 फ़ीसदी और तमिलनाडु में 84.60 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी.
वहीं 4 मई को विधानसभा चुनावों के नतीज़े आएंगे.
भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर आज पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा.
कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि यह चुनाव, पश्चिम बंगाल के पहले के चुनावों से बहुत अलग है.
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, ” चुनावों के इस पहले चरण में, लोगों ने बीजेपी को करारा झटका दिया है और टीएमसी, ममता बनर्जी की सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है. जिन 152 सीटों पर चुनाव लड़ा गया, उनमें से TMC के कम से कम 125 सीटों पर जीत हासिल करने का अनुमान है. जिस तरह से माताओं, बहनों और महिलाओं ने अपने वोट डाले हैं, उससे यह बिल्कुल साफ हो जाता है कि लोगों का समर्थन ममता बनर्जी के साथ है. जिन वास्तविक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं उनके लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी. बीेजेपी ने कभी भी बंगाल के लोगों को बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया. भाजपा चाहती थी कि कम वोटर हों और कम वोट हो. लोगों ने टीएमसी के विकास के समर्थन में, और बीजेपी, चुनाव आयोग की साज़िश के खिलाफ वोट किया है.”
