रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर के गर्भ गृह की रक्षा में तैनात गार्ड की हत्या से मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु स्तब्ध तथा हैरान हैं.
पुलिस जांच में जुटी है. आशंका जतायी जा रही है कि चोरी की मंशा से मंदिर में घुसे बदमाशों ने गार्ड की हत्या कर दी.
गार्ड का नाम बिरसा मुंडा है. वे सेवक के तौर पर भी मंदिर का काम देखते थे.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है. विशेष जांच टीम हर उस पहलू पर काम कर रही है, जिससे अपराधियों तक पहुंचा जा सके.
एसएसपी तथा सिटी एसपी भी जायजा लेने पहुंचे हैं.
पुलिस को मंदिर की एक दानपेटी से पैसे चोरी होने की जानकारी मिली है. मंदिर परिसर में कई सामान बिखरे मिले हैं. हालांकि, हत्या के स्पष्ट कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है.
पुलिस ने मंदिर के पुजारियों तथा आसपास के स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली है. सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इनमें कई व्यक्ति मंदिर के अंदर घुसे हुए और मुंह पर कपड़ा बांधे दिख रहे हैं.
संभावना जतायी जा रही है कि दान पेटी की चोरी का विरोध करने पर गार्ड की हत्या कर दी गई हो.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे, तब उन्होंने परिसर में गार्ड का शव पड़ा देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है.
