कोडरमाः झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड के नंदूडीह गांव में शुक्रवार की देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है.
इस घटना में गांव के निवासी प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी, नाबालिग बेटा अंकित कुमार (12 साल) और उसकी फुआ मुन्द्रिका देवी की पलक झपकते मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात क्षेत्र में बारिश के साथ गर्जन शुरू हुई. सरस्वती देवी, अंकित कुमार और मुंद्रिका देवी कमरे में खिड़की के पास बैठे थे.
इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ घर पर वज्रपात हुआ. और इसकी चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई.
ग्रामीणों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
इस घटना से गांव में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पंचायत के कई प्रतिनिधि सुबह में गांव पहुंचे हैं. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है.
