रांचीः भाजपा प्रदेश बीजेपी के महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर और आदित्यपुर में पार्टी द्वारा आहूत बंद स्वतः और स्फूर्त रहा. बंद को मिले जनता के जोरदार समर्थन ने साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक पार्टी का नहीं बल्कि यह आम जन का प्रतिरोध है।
प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में बाउरी ने कहा जमशेदपुर में हिमांशु हत्याकांड की नृशंसता में पुलिस का जो कृत्य किया है उसकी पूरी जवाबदेही राज्य सरकार की है. पीसीआर वैन से खींचकर दो युवाओं पर घाटक हथियारों से हमले किए गए और पुलिस देखती रही. दोषी पुलिसकर्मियों पर सरकार हत्या का मुकदमा दर्ज करे.
इस घटना के बाद इस मामले में निर्दोषों को फंसाने की कोशिशें जारी है. जबकि मामले को दूसरी दिशा देने की बजाय वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए.
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि जमशेदपुर आज चापड़पुर बन गया है. पूरे राज्य में विधि व्यवस्था वेंटिलेटर पर है. यह स्थिति एक दिन में नहीं बनी है. इसकी शुरुआत 2019 में हेमंत सरकार के गठन के साथ ही प्रारंभ हो गई थी।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि जमशेदपुर की शांति भंग हो चुकी है. खुलेआम नशे का अवैध कारोबार किया जा रहा है. सबसे ज्यादा ड्रग्स और ब्राउन शुगर का इस्तेमाल जमशेदपुर, आदित्यपुर में हो रहा है. पूरा झारखंड सूखे नशे की जद में है. नशे के खिलाफ जगह- जगह मुख्यमंत्री का पोस्टर लगा है, पर नशे के कारोबार को सरकारी संरक्षण मिलता रहा है.
