जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और रहिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है.
जगह-जगह भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थकों, झंडे- बैनर के साथ सड़कों पर बंद कराने निकले हैं. बंद से आवश्यक सेवा को मुक्त रखा गया है.
जमशेदपुर से बीजेपी के सांसद विद्युतवरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी से बीजेपी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय भी बंद के समर्थन में सड़कों पर निकले हैं.
बंद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. जगहजगह पुलिस बलों के साथ दंडाधिकार की तैनाती की गई है.
सुबह से ही शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बाजार और पेट्रोल पंप पूरी तरह से बंद हैं. आम जनजीवन पर इस बंद का सीधा असर पड़ा है.
मुख्य रूप से साकची, कदमा, बिष्टुपुर, गोलमुरी, बर्मामाइंस, टिनप्लेट, टेल्को, बारीडीह, सिदगोड़ आदि क्षेत्रों में सुबह से ही पेट्रोल पंपों और प्रतिष्ठानों, दुकानों के शटर गिरे हुए हैं और बाजार पूरी तरह से बंद हैं. बंद समर्थकों के सड़क पर उतरने के कारण शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाकों में सन्नाटा पसरा है.
शिक्षण संस्थानों पर भी बंद का असर
शिक्षण संस्थानों पर भी बंद का असर साफ देखा जा रहा है. अधिकांश निजी स्कूल और कॉलेज पूरी तरह बंद है. जबकि सरकारी विद्यालयों में भी बच्चों की उपस्थिति पर असर पड़ी है.
कई कोचिंग संस्थान भ बंद देखने को मिल रहे हैं. ऑटो के नहीं चलने से जनजीवन पर असर पड़ा है.

आदित्यपुर औद्योगिक नगरी में भी बीजेपी के कार्यकर्ता, समर्थक बंद कराने निकले हैं.
गोलमुरी इलाके में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में बंद समर्थक सड़कों पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बंद समर्थकों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधी बेखौफ हो चुके हैं.

पूरे जिले को अलर्ट पर
पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है. पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है. जिले के 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 मजिस्ट्रेट और 20 पुलिस अफसरों की तैनाती की गई है.
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गोलमुरी पुलिस केंद्र से 10 विशेष मोबाइल दस्ता (हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ) की तैनाती की गई है.
वे डीएसपी (सीसीआर) के सीधे नियंत्रण में रहकर पूरे शहर में गश्त करेंगे. गोलमुरी, मानगो, घाटशिला और बहरागोड़ा में फायर ब्रिगेड (अग्निशमन वाहनों) को सुबह 6 बजे से ही अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है.
उधर धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा ने शहर के छह प्रमुख थाना क्षेत्रों में पहले से लागू निषेधाज्ञा (धारा 163) की अवधि तीन जुलाई की रात 10 बजे तक बढ़ा दी है.
साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, एमजीएम और मानगो थाना क्षेत्र में 1 जुलाई से धारा-163 लागू की गई थी. शुक्रवार को जमशेदपुर बंद के दौरान शहर में अमन-शांति और विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए एसडीएम कोर्ट ने पूर्व के आदेश की अवधि को बढ़ाने का आदेश जारी किया है.
