जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डबल डाउन बार के बाहर हुई हिंसक झड़प और हमले में हिमांशु सिंह की मौत तथा शहर में बढ़ते अपराध के खिलाफ बीजेपी ने गुरुवार को शहर में जगह- जगह मशाल जुलूस निकाला.
इस जुलूस में जमशेदपुर पूर्वी की बीजेपी विधायक पूर्णिमा दास साहू समेत बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.
शहर में बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. भाजपा ने महिलाओं से भी इस बंद में सक्रिय सहयोग की अपील की है. साथ ही व्यापारिक संस्थानों तथा संगठनों से सहयोग मांगा है.
एनडीए की सहयोगी पार्टियां आजसू और जदयू भी इस बंद का समर्थन किया है.
बंद के मद्देनजर पुलिस ने एहतियातन पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं.
मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल हुईं. जदयू विधायक सरयू राय भी इस मार्च में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते अपराध से लोग डरे हुए हैं. इसलिए, जमशेदपुर में 3 जुलाई का बंद सरकार के लिए एक चेतावनी है.
इससे पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा नेता अभय सिंह और विधायक पूर्णिमा दास साहू ने शहर के व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है.
नेताओं ने कहा है कि आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों को बंद किया जाएगा.
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनआवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से बुलाया गया है.
नीरज सिंह के बचाव में उतरी बीजेपी
इधर रांची में एक प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस और राज्य सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि झारखंड में कोई भी घटना घटित होने पर मामले को डायवर्ट करने का पुलिस का स्वभाव बन चुका है. जमशेदपुर मामले में भी इसी की पुनरावृत्ति की जा रही है. जमशेदपुर मामले में मनगढ़ंत कहानी गढ़कर केस को दबाने और निर्दोष को फंसाने का काम कर रही है.
साहू ने कहा कि इस मामले में जिस व्यापारी नीरज सिंह का नाम पुलिस ला रही है, जिस दिन घटना घटी उस दिन नीरज सिंह अपने प्रतिष्ठान में नहीं थे. नीरज सिंह अपने प्रतिष्ठान को काफी दिनों से चलाने का काम कर रहे हैं. साथ ही यह बार अवैध रूप से संचालित नहीं किया जा रहा है. इसे चलाने के लिए सरकार ने बकायदा लाइसेंस दिया है.
