रांची: झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग ने वर्ष 2026 के विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावा एवं आपत्ति अवधि का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव के. रवि कुमार द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा.
इसके साथ ही 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं अन्य दावों-आपत्तियों के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप का प्रकाशन
जारी कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों एवं मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा तथा #NewVoters सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा.
दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा.
होम-टू-रोल वेरिफिकेशन
इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा जिन मतदाताओं का नाम गलत मतदान केंद्र पर दर्ज है, उन्हें प्रपत्र-8 के माध्यम से सही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित किया जा सके.
निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित अवधि के दौरान अपने नाम का सत्यापन कराने तथा आवश्यक होने पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है.
