रांचीः झारखंड प्रदेश बीजेपी के नेताओं और अभ्यर्थियों के द्वारा भर्ती और खासकर घपले-घोटाले में फंसी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग पर जोर दिए जाने पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड की जांच एजेंसियों को हटा देना चाहिए क्या.
राधाकृष्ण किशोर ने कहा, हमारे यहां भी जांच एजेंसियां हैं। सीआईडी है, स्पेशल ब्रांच है। इन्हें हटा देना चाहिए या ताला लगा देना चाहिए. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धैर्य रखने कीअपील करते हुए कहा कि जो एजेंसी है, उसपर यकीन करना चाहिए.
मंत्री ने कहा कि आंदोलन के पीछे भाजपा का हाथ है और उनकी मंशा कांग्रेस को बदनाम करने की है.
सदन में चर्चा करने से बीजेपी बचती रही
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि 10 अगस्त को विधानसभा सत्र के दौरान ही फैसला आ जाता. कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में छात्र आंदोलन पर बहस के लिए 2 घंटे का वक्त तय किया गया था. बाद में विपक्ष की अपील पर 1 घंटे का और अतिरिक्त समय निर्धारित किया गया, लेकिन भाजपा ने सदन में बहस की जगह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना चुना.
उन्होंने कहा कि यदि उस दिन सदन में चर्चा हो जाती तो तभी ठोस फैसला आ जाता। इतना वक्त नहीं लगता, लेकिन भाजपा छात्रहित का नहीं सोच रही है. वह छात्रों की समस्या का समाधान नहीं करना चाहती है. मंत्री राधाकृष्ण किशोर पर भाजपा पर छात्र आंदोलन को लंबा खींचने का आरोप लगाया.
