रांचीः झारखंड सरकार ने 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया एसएसपी बनाया है.
इस बाबत गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
इससे पहले वकारिब सीआईडी में एसपी के पद पर तैनात थे.
इसके साथ ही, साल 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को भी नई जिम्मेदारी दी गई है. स्वर्गियारी वर्तमान में कमांडेंट जैप-3 के पद पर पदस्थापित थे.
उन्हें स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक एसपी सरायकेला-खरसावां के पद पर नियुक्त किया गया है.
गौरतलब है कि जमशेदपुर में हुई हिमांशु सिंह की हत्या के बाद उपजे हालात को देखते हुए सीएम ने जमशेदपुर के एसएसपी पीयुष पांडेय और सरायकेला की एसपी निधि द्विवेदी को पद से हटा दिया था. दोनों अधिकारी को झारखंड पुलिस मुख्यालय भेजा गया है.
मुख्यमंत्री ने जिलों में विधि व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने मे लापरवाही करने के कारण यह कार्रवाई की है.
इसके साथ ही कोल्हान के के आयुक्त एवं रांची के एडीजी को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया है.
डीआईजी कोल्हान को जमशेदपुर में रहकर रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा है, “जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी.”
