गुमलाः गुमला जिले भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के छात्रावास में बुधवार की सुबह एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली.
इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के की अधिकारी स्कूल पहुंचे हैं. पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
विद्यालय की 10वीं कक्षा की छात्रा मोनिका कुमारी ने छात्रावास के तीसरे तल स्थित अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
वह बूढ़ीपाठ गांव निवासी चैतू उरांव की पुत्री थी. उसका दाखिला कस्तूरबा में हुआ था.
विद्यालय की वार्डन दिव्या टोप्पो ने बताया कि प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह छात्रावास की सभी छात्राएं पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के लिए मैदान में गई थीं.
प्रियंका ने पेट दर्द की शिकायत करते हुए अपनी सहेलियों से पीटी में जाने से मना कर दिया और अपने कमरे में ही रुक गई.
पीटी के दौरान जब उपस्थिति ली गई तो मोनिका के अनुपस्थित रहने पर कुछ छात्राओं को उसे बुलाने भेजा गया. तब कमरा अंदर से बंद मिला.
काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद छात्राओं ने शोर मचाया, जिस पर विद्यालय कर्मी पहुंचे. दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से झूलती हुई मिली.
इधर घटना की सूचना मिलते ही मृत छात्रा के परिजन भी विद्यालय पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी शांत स्वभाव और मिलनसार थी. केवल पेट दर्द की वजह से वह इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकती. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की.
