गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति गढ़वा की ओर से मंगलवार को गढ़वा शहर स्थित शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के अद्यतन एवं योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई.
इससे पहले हूल दिवस के शहीदों सिद्धों-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी बूथ स्तरीय कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए. यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो समय रहते उसका सुधार एवं नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए.
बीएलए जिम्मेदारी निभाएं
झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी बीएलए निष्ठा पूर्वक अपनी जिम्मेवारी का पालन करते हुए प्रत्येक मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें जागरूक करें. साथ ही जिस किसी भी मतदाता का मतदाता सूची में नाम से संबंधित कोई त्रुटि हो तो ऐसी समस्याओं का त्वरित निष्पादन कराएं। ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटे.
प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित पदाधिकारियों ने बीएलए-2 को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, आवश्यक प्रपत्रों के उपयोग, दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम में मुख्य रूप से भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित काफी संख्या में झामुमो के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, बीएलए-2, बूथ प्रभारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
