रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ रांची में जारी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने कहा कि हमारी पार्टी जरूर झारखंड जाएगी. सीजेपी छात्रों की मांगों का समर्थन करती है.
इससे पहले अभिजीत दीपके आंदोलनरत छात्रों से वीडियो कॉल पर बातचीत करके अपना समर्थन जता चुके हैं.
छत्रपति सांभाजी नगर, महाराष्ट्र में समाचार एजेंसी से बात में अभिजित दीपके ने कहा, निश्चित तौर पर हमलोग झारखंड जाएंगे. छात्रों के विरोध के साथ हमलोग खड़े हैं और उनकी हर मांग का समर्थन करते हैं.
देवेंद्र ने जल ग्रहण किया
धर रांची में चार दिनों से भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की पर्यावरणविद और दिल्ली के जंतर- मंतर पर शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ अनशन करने वाले सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुग से बुधवार को बात हुई.
बातचीत के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया. महतो ने एक्स पर कहा है, “देश के प्रख्यात इनोवेटर सोनम वांगचुक सर से वीडियो कॉल से सीधे संवाद करने का अवसर मिला. उन्होंने हमारे आंदोलन के प्रति अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन, प्रेरणादायी विचार एवं हौसला प्रदान किया. उनके आग्रह पर हमने जल ग्रहण किया. साथ ही, उनसे रांची आकर आंदोलनरत छात्रों का मनोबल बढ़ाने का विनम्र आग्रह भी किया. हमारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल व सत्याग्रह आंदोलन अपने संकल्प के साथ निरंतर जारी है.
