रांची- झारखंड राज्य की नियुक्ति प्रक्रिया में व्याप्त धांधली एवं अनियमितताओं के खिलाफ छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा संथालपरगना, कोयलांचल, सिंहभूम से होते हुए पलामू पहुंची है. इस अभियान के अंतिम चरण में यह यात्रा 10 सिंतबर को रांची पहुंचेगी. 11 सितंबर को मोराबादी से बिरसा मुंडा समाधि तक पदयात्रा कर अभियान का समापन होगा.
रांची में इस अभियान से जुड़े अभ्यर्थी न्याय मंच के संयोजक रामअवतार महतो, दीनबंधु मंडल, लकी रामु राज, चंदन रजक एवं राजीव कुमार तुलसी ने संयुक्त रूप से मीडिया को जानकारी दी है कि 11 सितंबर, शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से छात्रों एवं समर्थकों का जुटान होगा और भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का स्वागत किया जाएगा. इसके बाद मोरहाबादी मैदान से बिरसा मुंडा समाधि स्थल, कोकर (डिस्टलरी पुल) तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी. भगवान बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा.
छात्र नेता ने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जिले में अध्ययनरत छात्रों एवं अभ्यर्थियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना और उनके विचारों व सुझावों को संकलित करना रहा है.
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार की युवा विरोधी नीतियों तथा भर्ती व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को पूरे राज्य में उजागर किया गया है.
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य के छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है. इस अभियान को राज्य भर में युवाओं और छात्रों का बड़ा समर्थन मिला है. छात्रों में भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार को लेकर बड़े बेचैनी है. यह आंदोलन सकारात्मक है और इसके परिणाम भी जरूर निकलेंगे.
