रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (जेएसएसी-सीजीएल 2023) से जुड़े मामले में अपराध अनुसंधान विभाग ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है.
जांच एजेंसी ने जारी बयान में बताया है कि पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
सीआईडी के अनुसार, जेएसएसी-सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा के संबंध में दर्ज कांड संख्या 01/2025 में यह कार्रवाई की गई है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंदन कुमार, पिता रामलाल राम, निवासी ग्राम डुमरी, पोस्ट नमोदाग, थाना नौडीहा बाजार, जिला पलामू के रूप में हुई है.
गौरतलब है कि जांच एजेंसी ने परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं से जुड़े मामले में पहले भी कई अभ्यर्थी और सिंडेकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.
इसके अलावा सीआईडी की एसआईटी झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी की भी जांच कर रही है. जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते समेत कम से कम 25 लोगों को जेपीएससी नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार किया गया है.
