रांचीः नये साल के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को रांची शहर का दौरा करते हुए धुर्वा डैम देखने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययो जना तैयार की जाए. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा.
निरीक्षण के दौरान सीएम ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए.
उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी.
मुख्यमंत्री ने कहा, “धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं. सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी.”
इसके बाद हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया. उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद थे.
