झारखंड के गोड्डा में में जादू-टोना के नाम पर एक आदिवासी परिवार के पति-पत्नी और 12 साल के बेटे की निर्मम हत्या की घटना सामने आई है.
यह घटना गोड्डा जिले के देवटांड़ थाना क्षेत्र के डांगा टोली की है. सोमवार की रात हमलावरों ने घर में घुसकर धारधार हथियार से तीन लोगों को मार डाला. पुलिस घटना स्थल पर पहुंची है.
इस घटना से पूरे गांव में दहशत है. हमलावरों के मन में इस परिवार के प्रति काफी समय से शक था कि वे जादू-टोना का अभ्यास करते रहे हैं.
गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया है कि पुलिस छानबीन में जुटी है. मृतक के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस घटना में 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू उनकी पत्नी 45 वर्षीय मक्कू बास्की और 12 वर्षीय बेटे जीत नारायण मुर्मू की हत्या की गई है.
कुछ लोगों ने बताया है कि जादू-टोना (डायन-बिसाही) के शक पर इस घटना को अंजाम दिया जा सकता है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
हालांकि पुलिस सभी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जांच के लिए एक .विशेष टीम का गठन किया गया है. फिलहाल तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे भी पूछताछ जारी है.
