सरायकेलाः चांडिल वन विभाग रेंज के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोड़ो पंचायत के हाड़ांत गांव में हाथियों के हमले में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई हैं.
हाथियों के हमले में इसी परिवार के तीन लोग घायल हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मरने वाली दो महिलाओं में चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता कुमारी हैं. जबकि हाथियों के हमले में कमलचंद महतो, मोहन महतो और संतुला देवी घायल हुए हैं.
शनिवार की तड़के तीन बजे हाथी मोहन महतो के घर में घुस गए. घर में रखे धान खा गए. इसके बाद मकान को ढाने लगे, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई. मलबे में दबने से मोहन महतो और संतुला देवी बुरी तरह घायल हो गए.
इस घटना से गांव में दहशत है. वन विभाग के कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे हैं. ग्रामीण हाथियों के उत्पात से स्थायी समाधान की गुहार लगा रहे हैं. वन विभाग की लापरवाही से लोगों में गुस्सा भी है.
कोल्हान में मौत का अंतहीन सिलसिला
कोल्हान में हाथियों के हमले में लगातार आम लोगों की मौतें होती रही है. पिछले जनवरी महीने में एक हाथी ने पश्चिम सिंहभूम के अलग- अलग ग्रामीण क्षेत्रों में 22 लोगों को मार डाला था. सरायकेला जिले के ईचागढ़, चाडिंल में भी हाथी रह-रह कर उत्पता मचाते रहे हैं.
कोल्हान के अलावा झारखंड के रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा में भी हाथियों का उत्पात जारी है. इस साल अब तक कम से कम 60 लोगों ने हाथियों ने कुचलकर मार डाला है.
