रांचीः रांची के प्रसिद्ध जगन्नाथपुर मंदिर के गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या के मामले में रांची पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही दान पेटी से चोरी के 3 लाख 977 रुपये बरामद किए गए हैं.
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि तीनों अपराधी जगन्नाथपुर मंदिर के निकट के बस्ती के जगन्नातपुर कॉलोनी के रहने वाले हैं. जब वे मंदिर में वादरात को अंजाम देने घुसे, तो सुरक्षा प्रहरी ने उन्हें पहचान ली. अपनी पहचान छिपाने एवं पकड़े जाने से बचने के लिए अपराधकर्मियों द्वारा सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा की हत्या कर दी.
दान पेटी से पैसे चोरी किए जाने के बाद अपराधियों ने अपने लिए नए कपड़े और जूते भी खरीदे.
यह घटना 23-24 मार्च की दरमियानी रात हुई थी. पुलिस ने 24 मार्च को केस दर्ज किया था. इसके बाद जांच के लिए सिटी एसपी एक विशेष टीम गठित की गई.
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें देव कुमार उर्फ रचित कुमार, विकास महली आयुष कुमार दत्ता शामिल है. देव कुमार और विकास कुमार के खिलाफ पहले भी पुलिस में अपराध के कई मामले दर्ज हैं.
एसएसपी ने बताया है कि पूछताछ के कम में तीनो ने घटना में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है तथा अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी गये रुपये एवं हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
