पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण में 142 सीटों पर हुए मतदान के साथ ही चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के वोटिंग पूरा हो चुका है.
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 89.99 प्रतिशत वोट डाले गए हैं. मतदान संपन्न होने के साथ ही कई एजेसियों के एग्जिट पोल भी आए हैं.
हालांकि एग्ज़िट पोल महज़ अनुमान होते हैं. इन सभी राज्यों के लिए हुए चुनावों की मतगणना चार मई को होगी और तभी अंतिम परिणाम सामने आएंगे.
पश्चिम बंगाल के पोल क्या कहते है
294 सीटों के लिए पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले गए हैं. यहां सत्तारूढ़ टीएमसी और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है. पश्चिम बंगाल विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की ज़रूरत है.
पश्चिम बंगाल को लेकर आए अलग-अलग एग्ज़िट पोल्स अलग-अलग कहानी बयां कर रहे हैं.
- पी-मार्क़ एग्ज़िट पोल में टीएमसी को 118-138, बीजेपी को 150-175 सीटें दी गई हैं.
- मैटराइज़ एग्ज़िट पोल में टीएमसी को 125-140, बीजेपी को 146-161 और अन्य को 6-10 सीटें दी गई हैं.
- पीपल्स पल्स ने टीएमसी को 117-187, बीजेपी को 95-110, कांग्रेस को 1-3 और लेफ़्ट को 0-1 सीटें दी हैं.
असम में बीजेपी को आसान बढ़त
असम में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था. असम विधानसभा में 126 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 64 है.
अधिकतर एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है.
- एक्सिस माई इंडिया एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन को 88-100, कांग्रेस गठबंधन को 24-36 सीटें दी गई हैं.
- मैटराइज़ एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन को 85-95, कांग्रेस गठबंधन को 25-32 सीटें और अन्य को 6-12 सीटें दी गई हैं.
- पीपल्स पल्स एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन को 68-72, कांग्रेस गठबंधन को 22-26 सीटें और अन्य को 11-15 सीटें दी गई हैं.
केरल में यूडीएफ भारी
केरल विधानसभा की 140 सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था. यहां बहुमत का आंकड़ा 71 है.
- एक्सिस माय इंडिया एग्ज़िट पोल में एलडीएफ़ को 49-62, यूडीएफ़ को 78-90 और बीजेपी गठबंधन को 0-3 सीटें दी गई हैं.
- मैटराइज़ एग्ज़िट पोल में एलडीएफ़ को 60-65, यूडीएफ़ को 75-85 और बीजेपी गठबंधन को 3-5 सीटें दी गई हैं.
- पीपल्स पल्स एग्ज़िट पोल में एलडीएफ़ को 55-65, यूडीएफ़ को 70-85 और बीजेपी गठबंधन को 0-3 सीटें दी गई हैं.
तामिलनाड़ु में डीएमके को बढ़त
- तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों पर एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. यहां पर बहुमत का आंकड़ा 118 है.
- मैटराइज़ एग्ज़िट पोल में डीएमके गठबंधन को 122-132, एआईएडीएमके गठबंधन को 87-110, टीवीके को 10-12 और अन्य को 0-6 सीटें दी गई हैं.
- पीपल्स पल्स एग्ज़िट पोल में डीएमके गठबंधन को 125-145, एआईएडीएमके गठबंधन को 65-80, टीवीके को 18-24 और अन्य को 2-6 सीटें दी गई हैं.
पुडुचेरी में बीजेपी आगे
हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को मतदान हुआ था.
पुडुचेरी विधानसभा की 30 सीटों के लिए बहुमत का आंकड़ा 16 है.
एक्सिस माय इंडिया एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन को 16-20, कांग्रेस गठबंधन को 6-8 और अन्य को 3-7 सीटें मिलने का अनुमान है.
