रांचीः झारखंड में रामगढ़ जिले के उपायुक्त की एक रिपोर्ट के आधार पर राजेंद्र आर्युविज्ञान संस्थान (रिम्स) प्रशासन ने ओली विश्वकर्मा का नामांकन रद्द कर दिया है.
ओली विश्वकर्मा रिम्स में मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (एमएचए) कोर्स कर रही थी.
रामगढ़ उपायुक्त की जांच में उसका जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया है.
इसके बाद रिम्स प्रशासन ने मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (एमएचए) कोर्स में उसका नामांकन रद्द कर दिया है.
रिम्स के डीन कार्यालय ने नामांकन रद्द करने की सूचना संबंधित छात्रा और रामगढ़ उपायुक्त को भेज दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, ओली विश्वकर्मा ने रिम्स डेंटल कॉलेज से बीडीएस की पढ़ाई भी की है.
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वहां दाखिले में भी फर्जी प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया गया होगा.
सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार
ओली विश्वकर्मा फिलहाल जेल में बंद है. गौरतलब है कि बरियातू स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर एमडीएस की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना में ओली और उसके दो पुरूष दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है.
यह घटना हरमू क्षेत्र के गोकुल वाटिका अपार्टमेंट में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई थी. ओली ने अपनी दोस्त को बर्थ डे पार्टी में बुलाया था.
वहां ओली के दोस्त दानिश ने नशीला सामान खिलाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने इस मामले में ओली और उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
