धनबादः झारखंड के धनबाद जिले में स्थित बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार की शाम एक हादसे में कम से कम चार ठेका मजदूरों की मौत हो गई है.
इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. बचाव और राहत कार्य जारी है.
बड़ी संख्या में आसपास के लोग वाशरी के निकट पहुंचे हुए हैं. मृतक मजदूरों के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे हैं. भीड़ में रोने-बिलखने की आवाज सुनी जा रही है.
जानकारी के मुताबिक कोयले की स्लरी से दबकर चार मजदूरों की मौत हुई है. दो मजदूरों के शव भी निकाल लिए गए हैं.
मृतकों की पहचान गोपीनाथडीह के माणिक बाउरी, दिनेश बाउरी, समशिखरा निवासी दीपक बाउरी और रुदी कपूरिया निवासी मोड़ा गोप के तौर पर हुई है.
गोपीनाथडीह की सुनीता देवी घटना में बाल-बाल बची. वह किसी तरह मलबे से सकुशल बचकर बाहर निकल आयी.
मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संचालित बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम करीब पांच बजे यह हादसा हुआ है.
ट्रक में स्लरी (कोयला पाउडर) लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से कई ठेका मजदूर दब गए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोडिंग प्वाइंट पर एक दंगल के करीब 7 से 10 मजदूर काम कर रहे थे. सभी मैन्युअल तरीके से ट्रक में स्लरी लोडिंग कर रहे थे, तभी घटना घटी.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
साथ ही स्लरी लोडिंग जैसे जोखिमपूर्ण कार्य के दौरान मलबा कैसे ढहा, इस पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी की कमी थी.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए हैं. फिलहाल प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
