रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सात वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक इशांक और उनके परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने इशांक को पांच लाख रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
इशांक ने हाल ही में भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क स्ट्रेट (29 किमी) को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तैरकर पार करते हुए विश्व रिकॉर्ड बनाया है.
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इशांक की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक ने देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि तैराकी के क्षेत्र में इशांक की सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में तैराकी प्रशिक्षण और उससे जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार की जाए.
उन्होंने कहा कि राज्य में तैराकी प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों से राज्य में तैराकी से जुड़ी वर्तमान व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली.
