रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ शहर के गढ़बांध स्थित दामोदर नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए. स्थायी ग्रामीणों ने मौके पर एक बच्चे को बाहर निकाल लिया. अन्य दो बच्चों की खोज के लिए पतरातू से स्थानीय गोताखोर बुलाए गए. कई घंटे की तलाशी के बाद गोताखोरों दो शाम में दोनों बच्चों के शव निकाले.
शहर के बागाली टोला का आयुष कुमार तिवारी, किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर और रामगढ के नए बस स्टैंड के निकट का रहने वाला वैभव कुमार घर में फुटबॉल खेलने की बात कह सुबह में दामोदर नदी के किनारे पहुंचे. तीनों की उम्र 13-14 साल की है.
इसी दौरान नदी की तेज धार और पानी गहरा होने के कारण तीनों बच्चे डूबने लगे और शोर मचाने लगे. नदी किनारे काम कर रहे मजदूर और स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चों को डूबता देख तुरंत नदी में छलांग लगा दी. किसी तरह आयुष तिवारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गय. अन्य दो बच्चों – प्रिंस कुमार और वैभव कुमार गहरे पानी में चले गए. काफी मशक्कत के बाद उनके शव निकाले गए.
इस हादसे से दोनों बच्चों के घरों में कोहराम मचा है. इससे पहले हादसे की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैली. आसपास के लोग बांध के पास पहुंचे.
गौरतलब है कि गढ़बांध से छावनी परिषद द्वारा रामगढ़ शहर को जलापूर्ति की जाती है. इस कारण यहां बांध का निर्माण किया गया है, जिससे नदी के इस हिस्से में गहरा जल क्षेत्र बन गया है. घटनास्थल पर किशोरों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं.
इससे पहले स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते हैं मांडू सीओ तृप्ति विजया कुजूर और ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी के जलस्तर को कम करने के लिए पतरातू डैम का फाटक फिलहाल बंद कराया गया.
